जबलपुर: गणपति बप्पा मोरिया..अगले बरस तू जल्दी आ… की गूंज के साथ ही अनंत चतुर्दशी के पर्व पर गणेश प्रतिमा का विसर्जन हुआ। 10 दिनों तक गणेश उत्सव की धूम पूरे संस्कारधानी में देखने को मिली। शनिवार को अनंत चतुर्दशी में बच्चों ने बड़े ही नम आंखों से अपने गणपति बप्पा को विदाई दी। गणेश चतुर्थी के दिन से ही सभी घरों मंदिरों और पंडालों में गणपति बप्पा की पूजन- अर्चन बड़े ही हर्षोल्लास से किया गया।
गणेश उत्सव के महापर्व पर पूरे शहर में बड़ा भक्तिमय माहौल देखने को मिला था। अनंत चतुर्दशी के सभी के घरों में गणेश भगवान की पूजन अर्चन के बाद बारिश में भी सुबह से ही गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का क्रम शुरू हो गया था। गणपति बप्पा सभी को आशीर्वाद देते हुए अपने गांव चले गए। शहर के तालाबों और विसर्जन कुंड में पूरे दिन लोगों की भीड़ देखने को मिली। अगले बरस तू जल्दी आ.. के जय घोष के साथ लोगों ने गणपति बप्पा को विदाई दी।
