
झाबुआ। शनिवार को नगर सहित अंचलभर में गणेश प्रतिमाओं का धूमधाम से विसर्जन किया गया। सुबह से देर रात तक ढोल-ताशों के बीच श्रद्धालु गणपति बप्पा मोरिया… अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारे लगाते हुए अनास नदी पहुंचे। नगर निगम द्वारा नदी किनारे विशेष पोखर बनाकर विसर्जन की व्यवस्था की गई, जहां क्रेन की मदद से बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ। बारिश के बावजूद चल समारोहों में बच्चों से लेकर बड़ों तक का उत्साह चरम पर रहा। शहर और गांव दोनों जगह भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना व महाआरती कर बाप्पा को विदाई दी। मिठाई और फूल-मालाओं की खरीदारी भी खूब हुई। कई मंडलों ने ट्रैक्टर-ट्रालियों और वाहनों से चल समारोह निकाले। नपा द्वारा शहर में संग्रहण केंद्र बनाए गए जहां से प्रतिमाएं नदी तक पहुंचाई गईं। प्रशासन ने सुरक्षा हेतु बैरिकेड्स, अधिकारियों की ड्यूटी और निरीक्षण की व्यवस्था की। कलेक्टर नेहा मीना सहित अधिकारियों ने स्थल का जायजा लिया। देर रात तक चलता रहा यह आयोजन भक्तों की आस्था और उल्लास का प्रतीक बना।
