
भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतेन्द्र पटवारी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि किसान खाद के लिए दर-दर भटक रहा है, जबकि सरकार दावा करती है कि खाद की कोई कमी नहीं है। पटवारी ने कहा कि भाजपा के ही सांसद गणेश सिंह ने अपनी चिट्ठी में किसानों की परेशानी स्वीकार की है, जिससे सरकार की पोल खुल गई है।
पटवारी ने कहा कि छोटे किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है, जबकि बड़े किसानों और माफियाओं को भाजपा का संरक्षण प्राप्त है। वितरण व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अधिकारी किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
रीवा, गुना और भोपाल के हालात का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसान बारिश में भीगकर, पानी में खड़े होकर और लंबी लाइनों में घंटों तक खाद पाने के लिए मजबूर हैं। कई जगह हालात बिगड़ने पर किसानों को पुलिस की लाठियां भी खानी पड़ीं।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों की नहीं, बल्कि माफियाओं की हितैषी है। कभी खाद घोटाला, कभी बीज घोटाला और कभी फसल बीमा घोटाला हर जगह किसानों को ठगा गया है।
पटवारी ने मांग की कि खाद वितरण में पारदर्शिता लाई जाए, माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई हो और लापरवाह अधिकारियों को दंडित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों की अनदेखी जारी रखी, तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक बड़ा आंदोलन करेगी।
