मंडी, 03 सितंबर (वार्ता) हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर प्रभाग में भारी बारिश से हुए भूस्खलन के कारण दो घरों के मलबे के नीचे दब जाने से छह लोगों की मौत हो गयी है। मलबे में कुछ अन्य लोगों के दबे होने की आशंका है।
घटना की जानकारी मिलते ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल और पुलिस दल घटना स्थल पर पहुँच कर बचाव कार्य में जुट गये। अभी तक मां-बेटी, किराएदारों और पास से गुजर रहे एक स्कूटर सवार का शव मलबे से निकाला जा चुका है। मंडी के पुलिस उपायुक्त अपूर्व देवगन और पुलिस अधीक्षक घटना स्थल पर मौजूद हैं और बचाय कार्य की निगरानी कर रहे हैं। मलबे के अंदर अभी कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है।
भारी बारिश के कारण पिछले कुछ दिनों से हिमाचल प्रदेश में भारी तबाही मची हुई है। सड़कों के क्षतिग्रस्त हो जाने, जल आपूर्ति और बिजली आपूर्ति बाधित हो जाने से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कुमारसैन प्रभाग में हालांकि राजमार्ग संख्या पांच फिर से चालू हो गया है, लेकिन अब भी कई राजमार्ग और सड़कें बंद पड़ी हैं। शिमला में दो दिनों के बाद अब जल आपूर्ति आंशिक रूप से बहाल हो गयी है।
सुन्नी क्षेत्र में सतलुज नदी का जलस्तर बढ़कर थल्ली पुल को छू गया है, जिससे कालीघाट और आईटीआई जैसे नदी के किनारे के इलाके डूब हो गए हैं। कोल डैम के अधिकारियों को पानी के बहाव को नियंत्रित करने का निर्देश दिया गया है। एहतियात के तौर पर कल दो परिवारों को सुरक्षित आश्रय स्थलों में स्थानांतरित कर दिया गया।
शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 16 से 18 घंटों में चंबा, कुल्लू, मंडी और कांगड़ा जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला, सोलन, सिरमौर और ऊना में भी बहुत भारी बारिश की संभावना है।
बारिश अधिक होने के कारण सार्वजनिक सेवाएँ बाधित हो गयी हैं और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने एवं अनावश्यक यात्रा से बचने का आग्रह किया है।
हिमाचल में बारिश का कहर जारी, दो घरों के गिरने छह लोगों की मौत
