इंदौर: सराफा पुलिस ने शादी कराने का झांसा देकर ज्वेलर्स से ठगी करने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार किया है. आरोपी से करीब एक लाख रुपए का माल बरामद किया है. आरोपी ने व्यापारी का भरोसा जीतकर सामान और नकदी लेकर फरार हो गया था.एडिशनल डीसीपी राजेंद्र दंडोतिया ने बताया कि सराफा क्षेत्र में आड़ा बाजार स्थित संजय साधवानी की दुकान पर 9 अक्टूबर को एक अज्ञात व्यक्ति आया. उसने व्यापारी से कहा कि वह अविवाहित लोगों की शादी करवाने का काम करता है और 31 सुहागनों के पूजन का सामान चाहिए.
भरोसा होने पर व्यापारी ने करीब 16 हजार रुपए का सामान दे दिया, इसी दौरान आरोपी ने यह कहकर 3600 रुपए नकद भी ले लिए कि बाकी राशि कार में बैठे व्यक्ति से दिलवा देगा. इसके बाद उसने व्यापारी को बताया कि उसकी कार कांच मंदिर के पास खड़ी है. इस पर व्यापारी ने अपने एक कर्मचारी को उसके साथ भेज दिया. रास्ते में आरोपी ने कर्मचारी को बातों में लगाकर जवाहर मार्ग पर अलग-अलग दुकानों में घुमाया और मौका पाकर सामान लेकर गायब हो गया. कर्मचारी ने काफी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला. व्यापारी की शिकायत पर सराफा पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें आरोपी की तस्वीरें साफ नजर आईं. शनिवार को जब वह फिर बाजार के आसपास दिखाई दिया, तो पुलिस ने उसे दबोच लिया. आरोपी से करीब एक लाख रुपए कीमत का माल जब्त किया गया है.
सराफा में दो और चोरी की वारदातें दर्ज
इधर, सराफा थाना क्षेत्र में दो अन्य चोरी के मामले भी सामने आए हैं. पहले मामले में बिचौली मर्दाना निवासी शिवानी चंदेल ने शिकायत दी कि उन्होंने सराफा बाजार में ज्वेलर्स से सोने की झुमकी खरीदी और पुरानी अंगूठी के साथ दोनों वस्तुएं छोटे पर्स में रखीं. बाद में जब वह राजवाड़ा के पास एक दुपट्टे की दुकान पर गईं तो कुछ देर बाद देखा पर्स बैग से गायब था.
महिला ने दुकान के कर्मचारी पर शंका जताई है. दूसरे मामले में पिपल्या राव निवासी अंजू नागर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि चमेलीबाई निवासी ग्राम कड़िया की एक महिला ने उसका पर्स चोरी करने की कोशिश की. आरोपी ने पर्स की चेन खोलकर उसमें रखे 1500 रुपए निकाल लिए, लेकिन महिला की सजगता से उसे पकड़ लिया गया. पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
