
इंदौर. कंचनबाग में रहने वाले 82 वर्षीय बुजुर्ग से अज्ञात ठग ने साले की आवाज में बात कर 1 लाख 83 हजार रुपए ऐंठ लिए. साइबर सेल भोपाल से जीरो पर दर्ज प्रकरण इंदौर ट्रांसफर होने पर तुकोगंज पुलिस ने केस दर्ज किया है.
तुकोगंज थाना क्षेत्र में रहने वाले 82 वर्षीय जसवंत कुमार गुम्बर से बीते दिनों अज्ञात साइबर ठग ने ऑडियो मिमिक्री के जरिए 1 लाख 83 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली. बुजुर्ग के अनुसार उन्हें विदेशी नंबर से कॉल आया था. कॉलर ने खुद को उनके साले की तरह पेश किया और उसकी आवाज में बात कर भरोसा दिलाया. ठग ने पासपोर्ट व वीज़ा संबंधी समस्या बताते हुए अर्जेंट रूप से दो लाख रुपए की मांग की. भरोसे में आए बुजुर्ग ने 1 लाख 83 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए. बाद में उन्होंने जब अपने वास्तविक साले से बात की तो पूरी सच्चाई सामने आई कि न तो साले ने फोन किया था और न ही किसी प्रकार की राशि मांगी थी. इसके बाद पीड़ित ने साइबर सेल भोपाल में शिकायत दर्ज कराई. साइबर सेल ने शून्य पर कायमी कर केस डायरी इंदौर भेज दी, जिस पर तुकोगंज थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. अतिरिक्त डीसीपी जोन-3 रामस्नेही मिश्रा व टीआई जितेंद्र यादव ने बताया कि प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस का मानना है कि बुजुर्ग से आवाज बदलकर विश्वास जीतने वाली इस तरह की धोखाधड़ी का मामला शहर में पहली बार सामने आया है. आरोपी की लोकेशन, बैंक डिटेल और कॉल रिकॉर्ड के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. पुलिस ने नागरिकों से ऐसे कॉल आने पर सावधानी बरतने की अपील की है.
