हरारे, 18 जनवरी (वार्ता) थॉमस रेव (नाबाद 86) और बेन माएस (नाबाद 77) की शानदार पारियों तथा उनके बीच 167 रन की जबरदस्त अविजित साझेदारी की बदौलत इंग्लैंड ने जिम्बाब्वे को अंडर -19 विश्व कप के ग्रुप सी मुकाबले में रविवार को 132 गेंदें शेष रहते आठ विकेट से पीट दिया।
जिम्बाब्वे ने कप्तान सिम्बाराशे मुडजेंगरेरे (नाबाद 45 ), ध्रुव पटेल (36), कियान ब्लिग्नॉट (33) और टाटेंडा चिमुगोरो (30) की जुझारू पारियों के दम पर पहले खेलते हुए नौ विकेट पर 208 रन का स्कोर बनाया जबकि इंग्लैंड ने 28 ओवर में दो विकेट पर 209 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया और ग्रुप सी में शीर्ष पर पहुंच गया।
थॉमस रेव ने 66 गेंदों पर नाबाद 86 रन में सात चौके और चार छक्के लगाए जबकि माएस ने 72 गेंदों पर नाबाद 77 रन में तीन चौके और चार छक्के लगाए। थॉमस रेव को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
इससे पहले आज यहां इंग्लैंड की अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 30 के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये। नथानिएल हलाबंगना (शून्य) और कुपाकवाशे मुरादजी आठ रन बनाकर आउट हुये। इंग्लैंड के बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण के आगे जिम्बाब्वे के बल्लेबाज खुल नहीं खेल सके।
ध्रुव पटेल ने 53 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 36 रन बनाये। कियान ब्लिग्नॉट ने 63 गेंदों में पांच चौके लगाते हुए 33 रनों की पारी खेली। टाटेंडा चिमुगोरो ने 25 गेंदों में तीन छक्के लगाते हुए 30 रनों की पारी खेली। ब्रैंडन सेन्जेरे (14) और लीरॉय चिवाउला (13) रन बनाकर आउट हुये। कप्तान सिम्बाराशे मुडजेगरेरे 63 गेंदों में 45 रन बनाकर नाबाद रहे। शेल्टन माजवितोरेरा तीन रन बनाकर नाबाद रहे।
इंग्लैंड के लिए मैनी लुम्सडेन को तीन विकेट मिले। राल्फी अल्बर्ट, फरहान अहमद ने दो-दो विकेट लिये। ल्यूक हैंड्स और एलेक्स फ्रेंच ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
