
जबलपुर। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्टेशन परिसर में वाणिज्यिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जबलपुर रेल मंडल के सहायक वाणिज्य प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने रविवार को वाणिज्य विभाग की टीम के साथ जबलपुर रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पार्सल कार्यालय, पार्सल संचालन व्यवस्था, ट्रेन संख्या 13201 के एसएलआर में लोडिंग- अनलोडिंग कार्य, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पार्किंग और साफ- सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही फूड प्लाजा में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस कार्ड, गैस सुरक्षा और रसोई की व्यवस्थाओं की भी गहन जांच की गई तथा संचालकों को सभी सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
नियमानुसार की गई कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान टिकट काउंटरों पर कार्यरत कर्मचारियों के पास उपलब्ध निजी धनराशि और रेलवे राजस्व का भी मिलान किया गया। वहीं स्टेशन परिसर में अवैध रूप से खाद्य सामग्री बेच रहे 8 अनाधिकृत वेंडरों को पकड़कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्टेशन परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
