
इंदौर। आखिरकार शहर में राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम का स्थान तय हो ही गया। रीजनल पार्क के सामने मैदान पर छात्रों की गूंज कार्यक्रम होगा। इसके लिए कांग्रेस पार्टी ने आईडीए को जमीन का किराया डिमांड नोट के अनुसार जमा कर दिया है।
इंदौर में राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम 19 सितंबर को है। इसके लिए शहर कांग्रेस द्वारा आईडीए से रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान की मांग की गई थी। आईडीए ने कांग्रेस को मैदान देने के एवज किराया राशि भुगतान करने का डिमांड नोट दिया था।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि आईडीए द्वारा जारी दस लाख आठ हजार एक सौ तिरेपन रुपए डिमांड नोट की राशि जमा कर दी गई है। इसके साथ ही चौकसे ने कहा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल को लेकर चल रहा गतिरोध कांग्रेस ने ही खत्म कर दिया है।
चौकसे ने कहा कि भाजपा सरकार के दबाव में प्रशासन ने कांग्रेस के साथ अनुमति देने में आनाकानी की , वह सब याद रखा जाएगा। चौकसे ने कहा कि पूरी की पूरी भाजपा राहुल गांधी से डरी हुई है और राहुल गांधी का कार्यक्रम नहीं होने देने के सारे हथकंडे अपना रही है, लेकिन कार्यक्रम तय स्थान और तारीख पर होगा।
