महिलाओं की मांग: बारला गांव में अवैध शराब की बिक्री पर रोक

रायसेन। बारला गांव की महिलाएं बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचीं और अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की गुहार लगाई। महिलाओं ने कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा को आवेदन सौंपते हुए बताया कि गांव में शराब ठेकेदार द्वारा कमीशन एजेंट नियुक्त कर प्रतिदिन शराब की पेटियां भिजवाई जा रही हैं। इससे गांव का माहौल बिगड़ रहा है, परिवार टूट रहे हैं और नशेड़ियों द्वारा छात्राओं से छेड़छाड़ की घटनाएं भी बढ़ रही हैं।

महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि अवैध शराब की आपूर्ति बंद नहीं की गई तो वे सड़क पर उतरकर चक्का जाम आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इधर,आबकारी विभाग की टीम ने छापामार कर बारला गांव के कमीशन एजेंट को पकड़ लिया और कानूनी कार्रवाई की।

महिलाओं का आरोप है कि शराब ठेकेदार अपने घाटे की भरपाई के लिए अवैध रूप से बारला और आसपास के गांवों में शराब भिजवा रहा है। शराबखोरी के चलते बच्चों का भविष्य बिगड़ रहा है, घरों में कलह बढ़ रही है और लाडली बहना योजना की राशि भी नशे में बर्बाद हो रही है।

इधर, रायसेन शहर में भी वार्ड क्रमांक 9 सहित कई स्थानों पर अवैध शराब की बिक्री खुलेआम जारी है। रात दो बजे से लेकर पूरे दिन तक शराब बेची जाती है। कई बार शिकायतों और ज्ञापनों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से रहवासी परेशान हैं।

Next Post

सत्ताधारियों के आपसी वर्चस्व की लड़ाई है बाराबंकी में छात्रों की पिटाई: अखिलेश यादव

Wed Sep 3 , 2025
लखनऊ, 03 सितंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बाराबंकी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के छात्रों को पिटाई को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधते हुए इसे सत्ताधारियों के बीच आपसी वर्चस्व की लड़ाई बताया है। उन्होंने मांग […]

You May Like

मनोरंजन