जेमी ओवरटन ने टेस्ट क्रिकेट से लिया ब्रेक

लंदन 01 सितंबर (वार्ता) इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ऑराउंडर जेमी ओवरटन ने सोमवार को शारीरिक क्षमता का हवाला देते हुए टेस्ट क्रिकेट से अनिश्चितकालीन ब्रेक लेने की घोषणा की। जेमी ओवरटन ने आज सोशल मीडिया मंच पर अपनी पोस्ट में लिखा, “काफी सोच-विचार के बाद, मैंने लाल गेंद वाले क्रिकेट से अनिश्चितकालीन ब्रेक लेने का फैसला किया है। मैं खुद को बेहद भाग्यशाली मानता हूं कि मैंने इंग्लैंड के लिए दो टेस्ट मैचों सहित 99 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं।”

उन्होंने कहा, “लाल गेंद वाले प्रथम श्रेणी क्रिकेट ने मेरे पेशेवर करियर की नींव रखी है और अब तक मुझे खेल में मिले हर अवसर का प्रवेश द्वार रहा है। यहीं से मैंने खेल सीखा और इसने मेरे लक्ष्यों और महत्वाकांक्षाओं को बल दिया जो मुझे इतने लंबे समय तक प्रेरित करती रहीं। हालांकि, मेरे करियर के इस पड़ाव पर, 12 महीने के कैलेंडर में क्रिकेट की मांगों के साथ, अब हर स्तर पर सभी प्रारूपों के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध होना, शारीरिक और मानसिक दोनों रूप से, संभव नहीं है।”

उन्होंने कहा, “आगे मेरा ध्यान सफेद गेंद वाले क्रिकेट पर रहेगा और मैं उच्चतम स्तर पर खेलने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास जारी रखूंगा।”

2022 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले ओवरटन ने अब तक केवल दो टेस्ट मैच खेले हैं, उनका आखिरी मैच हाल ही में समाप्त हुई घरेलू श्रृंखला में भारत के खिलाफ ओवल में था। इस ऑलराउंडर ने टेस्ट की दो पारियों में केवल दो विकेट लिए और नौ रन बनाए।

2012 में सरे के साथ शुरू हुआ उनका प्रथम श्रेणी करियर थोड़ा ज़्यादा शानदार रहा है, जहां 31 वर्षीय ओवरटन ने 21.51 की औसत से 2410 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 13 अर्द्धशतक शामिल हैं। गेंदबाजी में, उन्होंने 99 मैचों में 31.66 की औसत से 239 विकेट लिए हैं।

Next Post

टेनिस प्रीमियर लीग का ऐतिहासिक सातवें सीजन अहमदाबाद में

Mon Sep 1 , 2025
मुंबई, 01 सितंबर (वार्ता) अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली टेनिस प्रीमियर लीग (टीपीएल) का सातवां सीजन नौ से 14 दिसंबर तक अहमदाबाद के गुजरात विश्वविद्यालय टेनिस स्टेडियम आयोजित होगा। महाराष्ट्र के बाहर पहली बार आयोजित होने वाले टीपीएल के सातवें सीजन में लिएंडर पेस, […]

You May Like