ब्रिक्स देश संचार और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में नवाचारों को समावेशी , स्वस्थ और जनकेंद्रित बनाने में सहयोग बढाएं: सिंधिया

पुणे, 21 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को ब्रिक्स देशों से संचार और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में नवाचारों को समावेशी , स्वस्थ और जनकेंद्रित बनाने का आह्वान किया।

श्री सिंधिया ने भारत की अध्यक्षता में यहां ब्रिक्स संचार मंत्रियों के 12वें सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा , ” आज दुनिया एक व्यापक तकनीकी बदलाव के मुहाने पर खड़ी है। एआई, अगली पीढ़ी के नेटवर्क, सैटकॉम, क्लाउड कंप्यूटिंग और उन्नत डिजिटल बुनियादी ढांचा अर्थव्यवस्थाओं और समाजों को नया आकार दे रहे हैं। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि नवाचार सुरक्षित, समावेशी, स्वस्थ और जन-केंद्रित बना रहे।” बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के संचार मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों ने भाग लिया।

बैठक का उद्घाटन करते हुए श्री सिंधिया ने भारत की अध्यक्षता के तहत “लचीले भविष्य के लिए नवाचार, सहयोग और परिवर्तन ( आईसीटी)” विषय को प्रस्तुत किया जिसमें स्वस्थ्य और मजबूत डिजिटल एवं सूचना एवं संचार प्राैद्योगिकी पारिस्थितिकी तंत्र, साइबर सुरक्षा और विश्वसनीय आईसीटी, डिजिटल कौशल विकास और क्षमता निर्माण , नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता चार स्तम्भों को रेखांकित किया गया।

श्री सिंधिया ने कहा, “भारत 2026 में ब्रिक्स की अध्यक्षता की जिम्मेदारी विनम्रता तथा साझा प्रतिबद्धता के साथ निभा रहा है। हमारा विषय लचीलापन, नवाचार, सहयोग और टिकाऊपन के निर्माण पर केंद्रित है, जो आईसीटी ट्रैक के मुख्य विषय-‘लचीले भविष्य के लिए नवाचार, सहयोग और परिवर्तन’-में प्रतिबिंबित होता है।”

इस बैठक से पहले 17 से 19 अगस्त 2026 तक सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी पर ब्रिक्स कार्य समूह की 7वीं बैठक आयोजित की गयी। इसके अलावा, ब्रिक्स इंस्टीट्यूट ऑफ फ्यूचर नेटवर्क्स की परिषद बैठक, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस ग्रुप की बैठक तथा डिजिटल ब्रिक्स टास्क फोर्स की बैठक भी हुई। सम्मेलन के दौरान डिजिटल ब्रिक्स फोरम और एक्सपो का आयोजन किया गया।

ब्रिक्स देशों के मंत्रिस्तरीय और प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों ने भी बैठक में वक्तव्य दिये। भारत ने सभी सदस्य देशों की सक्रिय भागीदारी के लिए उनका आभार व्यक्त किया और आगामी अध्यक्ष देश को अपना समर्थन देने की बात कही।

श्री सिंधिया ने बैठक के अंत में 12वीं ब्रिक्स संचार मंत्रियों की बैठक के प्रमुख परिणामों और इसके वैश्विक प्रभाव की जानकारी दी। उन्होंने कहा, “पिछले एक दशक में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत का परिवर्तन अभूतपूर्व रहा है। हमने व्यापक चर्चाओं और प्राथमिकताओं को तैयार किया है, जो ब्रिक्स के भीतर हमारे भविष्य के आईसीटी सहयोग की दिशा तय करेंगी। इस दिशा में उन्होंने सार्वभौमिक और सार्थक संचार सुविधाओं, मजबूत सार्वजनिक बुनियादी ढांचा, विश्वसनीय, सुरक्षित और जन-केंद्रित पारिस्थितिकी तंत्र, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और भविष्य की नेटवर्क प्रौद्योगिकियां, नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता, डिजिटल विस्तार के क्षेत्र में ब्रिक्स देशों के बीच बेहतर सहयोग पर बल दिया।”

उन्होंने कहा कि वैश्विक मंच पर ब्रिक्स की भूमिका लगातार बढ़ रही है, क्योंकि मानवता की लगभग आधी आबादी इस क्षेत्र में रहती है और दुनिया की अर्थव्यवस्था का लगभग दो-पांचवां हिस्सा भी इसी क्षेत्र में है।

इसके बाद मंत्रियों ने डिजिटल ब्रिक्स फोरम एक्सपो का दौरा किया। उन्होंने वहां घरेलू और अंतरराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी कंपनियों द्वारा प्रस्तुत इंटरैक्टिव प्रदर्शनों और अत्याधुनिक दूरसंचार समाधानों का अवलोकन किया।

पांच दिवसीय इस आयोजन का समापन विदेशी प्रतिनिधियों के लिए आयोजित एक आधिकारिक भ्रमण के साथ हुआ, जिसमें पुणे की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया।

 

 

Next Post

कार्तिक त्यागी की गेंदबाजी की मदद से मेरठ मावेरिक्स ने नोएडा को हराया

Fri Aug 21 , 2026
लखनऊ, 21 अगस्त (वार्ता) तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी की धारदार गेंदबाजी की बदौलत मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के बारिश से प्रभावित मुकाबले में शुक्रवार को नोएडा किंग्स को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) पद्धति से 23 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ मेरठ ने टूर्नामेंट में लगातार चौथी […]

You May Like