सतना : कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरला रोड पर रविवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक महिला के हाथ से पर्स झपट लिया गया. पीडि़त महिला द्वारा घटना की शिकायत कोलगवां थाने में की गई है.प्राप्त जानकारी के अनुसार बदखर क्षेत्र की निवासी श्रीमती सुनीता गुप्ता अपने पति के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर सतना की ओर आ रही थीं. बताया गया कि बाइक सवार दंपत्ति जैसे ही बिरला रोड पर बिरला उमा विद्यालय के निकट पहुंचे. वैसे ही बाइक सवार युवक वहां आ धमके.
बाइक पर सवार युवकों ने पलक झपकते ही श्रीमती सुनीता के हाथ में मौजूद पर्स पर झपट्टा मारा. इससे पहले ही पति और पत्नी कुछ समझ पाते बाइक सवार युवक ने उनके हाथ से पर्स छीन लिया. जिसके फौरन बाद ही बाइक सवार युवक धमकाते हुए वहां से भाग निकले. घटना होती देख दंपत्ति द्वारा शोर मचाकर आस पास मौजूद लोगों से मदद मांगने का प्रयास किया गया. लेकिन इलोगों के वहां पंहुचकर घटना को समझने तक बाइक सवार युवक रफूचक्कर हो चुके थे. जिसे देखते हुए दंपत्ति सीधे कोलगवां थाने पहुंचे. जहां पर उन्होंने घटना के संबंध में लिखित शिकायत की. पुलिस द्वारा जांच कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है.
