जबलपुर: आज बरगी बान्ध के 9 जल द्वार एक बार फिर खोल दिए गए हैं। पहले सोमवार को दोपहर 1 बजे नौ जल द्वार खोलने का निर्णय लिया गया था लेकिन इसे अचानक बदल दिया गया है, इसके बाद रात 9 बजे गेटों को खोलने की घोषणा की गई लेकिन फिर बाद में तय किया गया कि अब मंगलवार को गेट खुलेगे। इसके बाद रानी अवंति बाई सागर लोधी परियोजना बरगी बांध के जलस्तर को नियंत्रित करने आज मंगलवार को सुबह 11 बजे इसके 9 जलद्वारों को 0.78 मीटर की औसत ऊंचाई तक खोला गया
सहायक यंत्री, बाढ़ नियंत्रण, बरगी बांध के अनुसार मंगलवार 26 अगस्त की सुबह 06 बजे बांध का जल स्तर 422.85 मीटर आंका गया। वर्तमान में बांध में पानी की आवक 1585 क्यूसेक है। जल भराव क्षेत्र में वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए, आज मंगलवार को सुबह 11 बजे बांध के 9 जल द्वार 0.78 मीटर औसत ऊँचाई तक खोल कर 1097 क्यूसेक जल की निकासी की जा रही है, इससे माँ नर्मदा के घाटों पर 3 से 4 फुट पानी की बढ़ोतरी होगी। बांध में पानी की आवक के अनुसार जल की निकासी को घटाया अथवा बढ़ाया जा सकेगा।बांध प्रशासन ने निचले क्षेत्र के रहवासियों से माँ नर्मदा के घाटों से दूरी बनाए रखने का अनुरोध किया है।
