
दमोह. शहर के किल्लाई नाका स्थित क्रिश्चियन कॉलोनी क्षेत्र में रहने वाले (रेल)जीआरपी सहायता केंद्र दमोह के प्रभारी महेश कोरी की रविवार सुबह करीब 9 बजे सड़क हादसे में मौत हो गई. एएसआई महेश कोरी सुबह अपनी ड्यूटी पर वारंट तामील के लिए बाइक क्रमांक एमपी 34 एमआई 7518 से निकले थे.शहर के बीचों-बीच जबलपुर से सागर जाने वाले मुख्य मार्ग पर किल्लाई नाका चौराहे के पास एक यात्री बस चालक गुड्डा उर्फ वीरेंद्र कुमार दुबे ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी. हवा में उछलकर करीब 15 फीट दूर गिरे एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर पहुंची 100 डायल आ.बेनी प्रसाद व स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया. जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.खबर मिलते ही कोतवाली टीआई मनीष कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने मृतक एएसआई कोरी के परिजनों को सूचना दी. एएसआई महेश कोरी के भाई लखन कोरी ने बताया कि वह सुबह करीब 8 बजे घर से निकले और सड़क पर पहुंचते ही यह हादसा हो गया.उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि शहर के भीतर तेज रफ्तार बसों पर नियंत्रण किया जाए.इस मार्ग पर कई स्कूल है,जहां बच्चों का आवागमन होता रहता है. प्रशासन को कड़े फैसले लेकर इस लापरवाही पर प्रतिबंध लगाना चाहिए, ताकि हमारे परिवार की तरह किसी और दूसरे के परिवार को इस तरह का दुख ना झेलना पड़े.कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया कि बस क्रमांक एमपी 15 पीए 5877 को जब्त कर लिया गया है. बस श्री सिद्धी विनायक जबलपुर से दमोह होकर सागर जा रही थी.आरोपी चालक फरार हो गया है,उसकी तलाश की जा रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद दमोह पहुंचे सागर जीआरपी एसआई एच.एल. चौधरी ने बताया कि विगत शनिवार को ही उन्होंने एएसआई को स्थाई वारंट के नोटिस तामील करने के निर्देश दिए थे और वह उस ड्यूटी को निभाने के लिए निकले थे.तभी यह हादसा हो गया और उनकी दुखद मौत हो गई.
*एएसआई महेश को दी गई सलामी*
जीआरपी (रेल विभाग) चौकी प्रभारी महेश कोरी निवासी क्रिश्चियन कॉलोनी दमोह की सड़क दुर्घटना में मौत हो जाने के बाद शव का पोस्टमार्टम होने के उपरांत पुलिस लाइन दमोह में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीआई कोतवाली मनीष कुमार, सूबेदार अभिनव साहू, विजय चढ़ार, दिनेश गोस्वामी, एसएएफ सब इंस्पेक्टर पद्म सिंह सहित और भी पुलिस अधिकारी कर्मियों और परिजनों ने पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी, साथ ही सलामी भी दी गई.
