जबलपुर: अधारताल थाना अंतर्गत शहीद अब्दुल हमीद वार्ड, गांधी चौक स्थित प्लॉट में लगे हरे भरे पेड़ों का धड़ल्ले से कत्लेआम किया गया । इस मामले में अब नगर निगम ने अधारताल थाने में एफआईआर दर्ज करा दी है।इस संबंध में सहायक यंत्री उद्यान श्रीमती दीप्ति भनारिया ने बताया कि संभाग क्रमांक 7 अधारताल के शहीद अब्दुल हमीद वार्ड, गांधी चौक में कुछ दिनों पूर्व एक खाली प्लॉट में लगे पेड़ों को अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा काट दिया गया था।
जैसे ही यह जानकारी नगर निगम के संज्ञान में आयी, अधिकारियों ने तुरंत एक्शन लिया। पर्यावरण सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए, नगर निगम के उद्यान विभाग ने न केवल कटे हुए पेड़ों को जप्त किया, बल्कि अज्ञात दोषियों के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। कार्यवाही के समय स्वास्थ्य अधिकारी, संभागीय अधिकारी, संभागीय यंत्री, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक आदि उपस्थित रहे।
