ऑटो चालक निकला हत्यारा, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त ऑटो जप्त
इंदौर: खजराना पुलिस ने तत्परता और तकनीकी सहायता के आधार पर एक अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस टीम ने लगातार 72 घंटे तक बिना रुके मेहनत की, 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 800 से अधिक संदिग्ध ऑटो चालकों से पूछताछ की।
ऐसे सामने आया सच
दिनांक 24 जनवरी 2025 को खजराना क्षेत्र में फिनिक्स मॉल के सामने सर्विस रोड बायपास पर एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पर थाना खजराना में मामला दर्ज किया गया। पीएम रिपोर्ट और जांच के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 69/25 धारा 103(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर खजराना थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिरों से मिली जानकारी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को घटना में एक ऑटो रिक्शा के शामिल होने की जानकारी मिली। इसके बाद ऑटो क्रमांक MP 09 TA 3275 को चिह्नित किया गया और उसके चालक की पहचान देवेंद्र बोरासी (28) निवासी परदेशीपुरा, इंदौर के रूप में हुई।
गिरफ्तारी की कहानी
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी देवेंद्र घटना के बाद फरार हो गया था और अपने गृहनगर पंधाना, जिला खंडवा भागने की फिराक में था। तत्परता दिखाते हुए खजराना पुलिस की टीम ने स्कीम 134 से आरोपी को गिरफ्तार किया और घटना में प्रयुक्त ऑटो को भी जप्त कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने मृतक प्रभात नारायण चतुर्वेदी (59), निवासी स्वास्थ्य नगर, सुखलिया (RAPTC के निरीक्षक) के साथ शराब पी थी। शराब के नशे में विवाद होने के बाद आरोपी ने उनकी हत्या कर दी और फरार हो गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सनसनीखेज हत्याकांड को सुलझाने में थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव के साथ निरीक्षक योगेंद्र सिसौदिया, उप निरीक्षक अजय, संदीप पटेल, घनश्याम मिश्रा, एएसआई दिनेश सरगैया, प्रधान आरक्षक गणेश मुजाल्दे, पंकज सांवरिया, अजीत, कमल, सुरेश, मेहमूद और साइबर सेल के प्रवीण व विनीत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस आयुक्त ने की टीम की सराहना
पुलिस की तत्परता और तकनीकी सूझबूझ से आरोपी को महज 72 घंटे में गिरफ्तार कर लिया गया। इस सफलता पर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह, पुलिस उपायुक्त अभिनय विश्वकर्मा और एसीपी खजराना कुंदन मंडलोई ने पुलिस टीम की सराहना की।
