नयी दिल्ली 26 जनवरी (वार्ता) विदेशी बाजारों के मिलेजुले रुख के बीच स्थानीय स्तर पर उठाव सामान्य रहने से बीते सप्ताह दिल्ली थोक जिंस बाजार में खाद्य तेलों का रुझान मिश्रित रहा जबकि अधिकांश दालें सस्ती हो गईं वहीं अन्य जिंसों में टिकाव रहा।
तेल-तिलहन : वैश्विक स्तर पर मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का फरवरी वायदा सप्ताहांत पर 47 रिंगिट चढ़कर 4488 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। वहीं, फरवरी का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.88 सेंट उतरकर 44.66 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
इस दौरान खाद्य तेलों में मिलाजुला रुख रहा। सरसों तेल 1538 रुपये और मूंगफली तेल 807 रुपये प्रति क्विंटल उतर गया जबकि सोया रिफाइंड 366 रुपये, पाम ऑयल 367 रुपये और वनस्पति तेल 366 रुपये प्रति क्विंटल उबल गए। वहीं, सूरजमुखी तेल के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ और वह पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर पड़ा रहा।
सप्ताहांत पर सरसों तेल 15385 रुपये प्रति क्विंटल, मूंगफली तेल 18314 रुपये प्रति क्विंटल, सूरजमुखी तेल 15897 रुपये प्रति क्विंटल, सोया रिफाइंड 15751 रुपये प्रति क्विंटल, पाम ऑयल 14286 रुपये प्रति क्विंटल और वनस्पति तेल 17215 रुपये प्रति क्विंटल पर रहा।
दाल-दलहन : बीते सप्ताह दाल-दलहन बाजार में अधिकांश दालें सस्ती हो गईं। इस दौरान चना 100 रुपये, दाल चना 100 रुपये, उड़द दाल 100 रुपये और अरहर दाल 600 रुपये प्रति क्विंटल टूट गई। वहीं, मसूर दाल और मूंग दाल में कोई बदलाव नहीं हुआ।
सप्ताहांत पर चना 6300-6400, दाल चना 7300-7400, मसूर काली 7300-7400, मूंग दाल 9500-9600, उड़द दाल 9300-9400, अरहर दाल 7800-7900 रुपये प्रति क्विंटल रही।
अनाज : अनाज मंडी में टिकाव रहा। इस दौरान गेहूं और चावल के भाव पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर पड़े रहे।
इस दौरान (भाव प्रति क्विंटल) गेहूं दड़ा 2900-3000 रुपये और चावल 3150-3250 रुपये प्रति क्विंटल रहा।
चीनी-गुड़ : बीते सप्ताह मीठे के बाजार में भाव स्थिर रहे। इस दौरान गुड़ और चीनी के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ।
साप्ताहांत पर चीनी एस 3590-3690, चीनी एम. 4280-4380, मिल डिलीवरी 3470-3570 और गुड़ 4500-4600 रुपये प्रति क्विंटल बोले गये।
