
सतना. आरोपी के बुलंद हौसलों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह न सिर्फ गांजा बल्कि वन्य जीवों के अवशेष की तस्करी में भी लिप्त था. पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से गांजे के साथ-साथ बारहसिंगा की 4 नग सींग भी बरामद कर लिया गया.
जिले के धारकुण्डी थाने के प्रभारी शैलेंद्र सिंह पटेल से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर के जरिए गांजा तस्करी की सूचना मिली थी. जिसे देखते हुए पुलिस टीम ने बिना देरी किए करौंदी मोड़ के निकट पहुंचकर घेराबंदी कर दी. जहां से गुजर से एक व्यक्ति को रोककर जब पूछताछ की गई तो उसकी पहचान लालमन सिंह लोध पिता रामबक्स सिंह उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम प्रतापपुर धारकुण्डी के तौर पर हुई. जब युवक के पास मौजूद काले रंग की पॉलीथीन की तलाशी ली गई तो उसमें 310 ग्राम गांजा रखा मिला. लेकिन वहीं दूसरी ओर रखी सफेद रंग की बोरी को खेलने पर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. बोरी में बारसिंगा की 4 नग सींग रखी मिली.
