लंदन, 18 साल की अनाहत सिंह ने वर्ल्ड नंबर 11 नेले गिलिस को हराकर लंदन स्क्वैश क्लासिक के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
भारत की युवा स्क्वैश स्टार अनाहत सिंह ने लंदन स्क्वैश क्लासिक में बड़ा उलटफेर करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। दुनिया की 20वें नंबर की अनाहत ने गुरुवार को वर्ल्ड नंबर 11 और आठवीं वरीयता प्राप्त बेल्जियम की नेले गिलिस को 2-1 से हराया।
18 साल की अनाहत ने पीएसए गोल्ड टूर्नामेंट के दूसरे दौर में गिलिस को 13-11, 4-11, 11-8 से मात दी। 39 मिनट तक चले इस मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के बीच कई शानदार रैलियां देखने को मिलीं। यह टूर पर दोनों की पहली भिड़ंत थी।
2021 के बाद ऐसा किया ऐसा कारनामा
इस जीत के साथ अनाहत 2021 के बाद पीएसए गोल्ड स्तर के टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं। गिलिस के खिलाफ मुकाबले में अनाहत ने शुरुआत से ही शानदार खेल दिखाया और पहला गेम अपने नाम किया। हालांकि, गिलिस ने दूसरे गेम में जोरदार वापसी करते हुए मुकाबला बराबर कर दिया।
निर्णायक गेम में अनाहत ने अपना धैर्य बनाए रखा। उन्होंने गिलिस को कोर्ट के पिछले हिस्से में रखने के साथ-साथ कोर्ट के बीच वाले हिस्से पर अपना नियंत्रण बनाए रखा। इसके बाद फ्रंट कॉर्नर पर लगाए गए सटीक शॉट्स की मदद से उन्होंने मुकाबला अपने नाम कर लिया। खास बात ये है कि गिलिस पिछले साल लंदन क्लासिक के फाइनल तक पहुंची थीं। ऐसे में अनाहत की ये जीत और भी खास मानी जा रही है।
अब किससे होगा बड़ा मुकाबला?
क्वार्टर फाइनल में अनाहत सिंह का सामना भारत की ही शिवसंगरी सुब्रमण्यम से होगा। शिवसंगरी ने दूसरे दौर में नार्डिन गारस को हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई है। शिवसंगरी 2024 में लंदन क्लासिक की विजेता रह चुकी हैं।
उन्होंने इसी कोर्ट पर दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी हानिया अल हम्मामी और आठ बार की विश्व चैंपियन नूर अल शेरबिनी जैसी दिग्गज खिलाड़ियों को हराकर अपना सबसे बड़ा खिताब जीता था। अनाहत और शिवसंगरी के बीच होने वाला मुकाबला अगले महीने होने वाले एशियन गेम्स से पहले भी काफी अहम माना जा रहा है। इस मुकाबले से दोनों भारतीय खिलाड़ियों की तैयारी और मौजूदा फॉर्म की झलक मिल सकती है।
पुरुष वर्ग में रमित की जीत
पुरुष वर्ग के पहले दौर में भारत के रमित टंडन ने कतर के अब्दुल्ला अल-तमीमी को 11-6, 11-7 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। वहीं, दुनिया के 38वें नंबर के वीर चोत्रानी को स्विट्जरलैंड के यानिक विल्हेल्मी के खिलाफ 9-11, 9-11 से हार का सामना करना पड़ा।
दूसरे दौर के अन्य मुकाबलों में दूसरी वरीयता प्राप्त विक्टर क्रोइन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 4 अंक गंवाकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अब उनका सामना सातवीं वरीयता प्राप्त लियोनेल कार्डेनस से होगा।
