मुंगावली। क्षेत्र के ग्राम जारोली, तिनसी और बेलाई के करीब 80 मजदूरों को महाराष्ट्र में बंधक बनाकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। ये मजदूर गन्ने की कटाई के लिए महाराष्ट्र के सांगली जिले गए थे। बुधवार शाम बंधक मजदूरों के परिजन जारोली निवासी खलक सिंह यादव के साथ क्षेत्रीय विधायक बृजेंद्र सिंह यादव के पास पहुंचे और पूरी घटना से अवगत कराया।
परिजनों ने बताया कि मजदूरों को ले जाने वाला व्यक्ति ठेकेदार से पैसे लेकर फरार हो गया, जिसके बाद संबंधित ठेकेदार ने मजदूरों को काम छोड़कर लौटने नहीं दिया और उनके साथ मारपीट की। सूचना मिलते ही विधायक ने तुरंत सांगली और कोल्हापुर जिलों के पुलिस अधीक्षकों से संपर्क किया। इसके बाद अशोकनगर एसपी के निर्देश पर मुंगावली थाना प्रभारी अरविंद सिंह कछुवाह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मजदूरों से संपर्क किया, ठेकेदार से बातचीत कर उनकी मजदूरी दिलवाई और सभी को घर के लिए रवाना कराया।
प्रशासनिक सक्रियता और विधायक की पहल से मजदूर सुरक्षित बताए जा रहे हैं और शीघ्र ही सभी अपने घर लौट रहे हैं।
