इटारसी। विस्थापित गांव नया सांकई झालई के ग्रामीण आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। गांव के अध्यक्ष सुनील भलावी ने बताया कि वर्ष 2017 में गांव का विस्थापन तो कर दिया गया, लेकिन अब तक सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।
बरसात के दिनों में कच्चे रास्ते कीचड़ और गड्ढों से भर जाते हैं, जिससे बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है। कई बार गर्भवती महिलाओं और बीमारों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका, क्योंकि गांव तक एंबुलेंस नहीं पहुंच पाती। मजबूर होकर ग्रामीणों ने खुद मिट्टी-बजरी डालकर रास्ता सुधारने का काम शुरू किया है।
ग्रामीणों ने बताया कि वे बीते पांच वर्षों से विधायक और कलेक्टर को कई बार ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं। अध्यक्ष सुनील भलावी के साथ दिनेश भलावी, भैयालाल भलावी, रामकिशोर भलावी, कमलेश भलावी, फिरकसिंह भलावी और पिंटू उइके ने प्रशासन से जल्द सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने अन्य क्षेत्रों के लोगों से भी अपील की है कि वे विस्थापन के नाम पर बिना पूरी जानकारी के कोई कदम न उठाएं।
