
जबलपुर। सिविल लाइंस थाना अंतर्गत सर्किट हाउस नंबर 02 के पास होटल चलाने वाले संचालक की अज्ञात आरोपी ने गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मर्ग जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कंचनपुर अधारताल निवासी आरती कोरी (38) सर्किट हाउस नंबर 02 के पास खाने की दुकान चलाती हैं। बीती 22 मई 2026 की रात करीब 8 बजे उनके पति रज्जू कोरी दुकान बंद करने के बाद वहीं रुक गए थे और आरती अपने घर लौट आई थीं। अगले दिन जब आरती दुकान पहुंचीं, तो उनके पति वहां से लापता थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
गले पर मिले चोट के निशान
25 मई की सुबह करीब 7:30 बजे आरती अपने बेटे हेमंत के साथ पति की तलाश में निकली थीं। इसी दौरान बर्न कंपनी पावर हाउस के पास सड़क किनारे रज्जू कोरी का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पंचनामा कार्रवाई के दौरान मृतक का शरीर अकड़ा हुआ था और उसके गले पर घोंटने के निशान पाए गए।
शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में खुलासा, कातिल कौन
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मर्ग कायम किया था। जांच के दौरान प्राप्त हुई पीएम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने साफ किया कि रज्जू कोरी की मौत गला घोंटने के कारण सांस रुकने से हुई है। घटनास्थल के निरीक्षण, मर्ग जांच और पीएम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने माना कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने रज्जू कोरी की गला घोंटकर हत्या की है। सिविल लाइंस पुलिस ने अब अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। कातिल कौन है उसका और उसने किन कारणों से वारदात को अंजाम दिया है इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है मामले की जांच जारी है।
