इंदौर: शहर में गणेशोत्सव के दौरान इस बार अलग-अलग पंडालों में आकर्षक झांकियों के साथ सामाजिक संदेश भी देखने को मिल रहे हैं. इमली बाजार मेन रोड पर किशन लाल दूध डेयरी के सामने साईं राम मित्र मंडल ने भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती अनोखी झांकी सजाई है.यहां भगवान गणेश को ईवी इलेक्टि्रक गाड़ी पर सवारी करते हुए दिखाया गया है. खास बात यह है कि गाड़ी की आगे की सीट पर मूषक जी को चालक के रूप में बैठाया गया है, जबकि पीछे गणेश जी सवारी के रूप में विराजमान हैं।
मंडल की इस झांकी के जरिए लोगों को स्वच्छता के साथ-साथ प्रदूषण कम करने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संदेश दिया जा रहा है. पांडाल में आये राहुल और राम ने बताया कि इंदौर स्वच्छता के मामले में लगातार आगे रहा है और अब प्रदूषण के मामले में भी शहर को नंबर वन बनाने की दिशा में प्रयास करना चाहिए. इसी सोच को गणेश जी की झांकी के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है. ईवी वाहनों को अपनाने से पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता और वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने की दिशा में मदद मिल सकती है.
