जलभराव प्रभावित क्षेत्रों को लेकर निगमायुक्त ने दिए सख्त निर्देश

सतना: अत्यधिक वर्षा के कारण शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति निर्मित होने पर आयुक्त, डॉ.शेर सिंह मीना के निर्देशन में निगम का अमला तत्काल जल निकासी कार्य में जुट गया। आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखते हुए जल निकासी व्यवस्था शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही जेसीबी, डंपर एवं अन्य आवश्यक मशीनों के साथ टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं और युद्धस्तर पर नाला-नाली सफाई, कचरा हटाने तथा जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने का कार्य प्रारंभ कर दिया। कार्रवाई के तहत जिला चिकित्सालय के सामने जाम नाली को तत्काल खुलवाकर जेसीबी मशीन एवं डंपर की सहायता से कचरा हटाया गया। खेरमाई रोड स्थित बिहारी ट्रेडर्स के सामने नाली की सफाई कर संचित कचरे का उठाव कराया गया।वार्ड क्रमांक 24 स्थित जीवन ज्योति कॉलोनी, खेरमाई मंदिर के पीछे मुख्य नाले की व्यापक सफाई कर छह डंपर कचरा हटाया गया। साथ ही वर्षा जल की निर्बाध निकासी सुनिश्चित करने के लिए कच्ची नाली बनाकर अस्थायी जल निकासी व्यवस्था तैयार की गई, जिससे क्षेत्रवासियों को तत्काल राहत मिली।

इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक 19 के इंडस्ट्रियल एरिया में निजी मशीनों की सहायता से नाले की सफाई का कार्य किया गया। वहीं वार्ड क्रमांक 20 में चैन माउंटेड मशीन से नालों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाया गया।वार्ड क्रमांक 12 में प्राप्त शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बाउंड्री वॉल के बीच अवरुद्ध नाले को खुलवाकर जल निकासी सामान्य की गई। इसके अतिरिक्त बस स्टैंड से सवेरा होटल तक मुख्य नाले की विशेष सफाई कराई जा रही है, ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की पुनरावृत्ति न हो और पानी का प्रवाह निर्बाध बना रहे।

नागरिक सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
निगमायुक्त डॉ मीना ने मातहत अमले को दो टूक निर्देश दिए कि वर्षाकाल के दौरान नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा जल निकासी संबंधी प्रत्येक शिकायत का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि नालियों एवं नालों में कचरा न डालें तथा जल निकासी में बाधा उत्पन्न करने वाली गतिविधियों से बचें, जिससे वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके।

Next Post

मझगवां रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं को लेकर भूख हड़ताल

Thu Jul 2 , 2026
सतना: सतना प्रयागराज रेलखण्ड पर मझगवां रेलवे स्टेशन पर बुधवार को रेलवे सुविधाओं की मांग को लेकर भूख हड़ताल की गई। यह हड़ताल रीवा-आनंद विहार एक्सप्रेस के नियमित ठहराव, आरपीएफ चौकी की स्थापना और रेलवे आरक्षण केंद्र खोले जाने की मांग पर केंद्रित थी। लगभग 4 घंटे बाद रेलवे अधिकारियों […]

You May Like