
सिंगरौली। जिला पंचायत सीईओ संघप्रिय आईएएस की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में डीएमएफ मद से स्वीकृत एवं संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न निर्माण एजेंसियों के माध्यम से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, पूर्ण एवं अपूर्ण कार्यों, कार्यों की गुणवत्ता तथा लंबित कार्यों के संबंध में विस्तार से समीक्षा की गई। सीईओ ने निर्देश दिए कि डीएमएफ मद से स्वीकृत सभी अपूर्ण निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
संबंधित अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियां कार्यों की नियमित मॉनीटरिंग करते हुए मौके पर निर्माण की प्रगति का परीक्षण करें और जिन कार्यों में विलंब हो रहा है, उन्हें तत्काल गति प्रदान कर पूर्ण कराएं। वहीं उन्होंने निर्देशित किया कि जिन निर्माण कार्यों का कार्य पूर्ण हो चुका है, उनका परीक्षण एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए कार्य पूर्णता के 7 दिवस के भीतर संबंधित निर्माण एजेंसी द्वारा पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करें।
