बिल्डर-वित्तीय संस्थान सांठगांठ मामला: सीबीआई ने दर्ज किए 5 नए मामले, 12 ठिकानों पर मारे छापे

चेन्नई, 10 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बिल्डर और वित्तीय संस्थानों की मिलीभगत से जुड़े मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच नए आपराधिक मामले दर्ज किए हैं और बेंगलुरु, मुंबई व पुणे में 12 स्थानों पर छापेमारी की है।

सीबीआई की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, ये नए मामले उच्चतम न्यायालय के आदेश के आधार पर विभिन्न बिल्डरों और वित्तीय संस्थानों के अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ दर्ज किए गए हैं। इनमें से चार मामले बेंगलुरु और मुंबई में ओजोन ग्रुप तथा उससे जुड़ी संस्थाओं की परियोजनाओं से संबंधित हैं, जबकि एक मामला मैसर्स विवांसा बालसम की बेंगलुरु परियोजना से जुड़ा है। इन सभी पर आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के आरोप हैं।

सीबीआई ने बताया कि बेंगलुरु और मुंबई के बिल्डरों और वित्तीय संस्थानों के अधिकारियों की कथित सांठगांठ के कारण घर खरीदारों के साथ धोखाधड़ी हुई है। कई वर्षों से पीड़ित घर खरीदारों ने राहत के लिए शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया था। सीबीआई की इस ताजा कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य धन की हेराफेरी, वित्तीय अनियमितताओं और रियल एस्टेट क्षेत्र में धोखाधड़ी से जुड़ी बड़ी साजिश का पर्दाफाश करना और अहम सबूत जुटाना है।

गुरुवार को हुयी छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और अन्य सामग्रियां जब्त की गई हैं, जिनकी गहनता से जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए सीबीआई देश भर के विभिन्न बिल्डरों के खिलाफ पहले ही 50 मामले दर्ज कर चुकी है। इस नई कार्रवाई के बाद सीबीआई द्वारा दर्ज किए गए मामलों की कुल संख्या बढ़कर 55 हो गई है।

सीबीआई ने प्रतिबद्धता जताई है कि वह आर्थिक अपराधों की निष्पक्ष जांच कर घर खरीदारों को न्याय दिलाएगी।

Next Post

खड़े हनुमान मंदिर पर फिर विवाद गहराया

Thu Sep 10 , 2026
उज्जैन. छत्रीचौक के समीप सराफा स्थित खड़े हनुमान मंदिर को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। मंदिर को हटाकर अन्य स्थान पर स्थापित करने की चर्चा के बीच अब प्रतिमा की दिशा को लेकर भी आपत्ति सामने आई है। वर्तमान में खड़े हनुमान जी दक्षिणमुखी विराजित हैं। पुजारी महेश […]

You May Like