
भोपाल। गौतम नगर थाना क्षेत्र में गणेश मंदिर के पास हादसा हो गया. हादसे के दौरान एक सड़क किनारे बनीं दुकानों में घुस गया. रात के समय हादसा होने से कोई जनहानि नहीं हुई है. हालांकि दुकानों के अंदर रखे सामान ट्रक की चपेट में आ जाने से खराब हो गए हैं. मामले की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया.
जानकारी के मुताबिक गणेश मंदिर के पास सड़क के किनारे दुकानें संचालित होती है. रविवार को देर रात एक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे की दुकानों में ट्रक घुसा दिया. सूचना मिलते ही गौतम नगर पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया और ट्रक को भी जब्त कर लिया गया.
पुलिस की शुरूआती जांच में सामने आया कि चालक अत्यधिक शराब के नशे में वाहन चला रहा था, जो हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है. घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
