
ग्वालियर। होली से पहले ग्वालियर चंबल अंचल में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कभी सुबह, हल्की ठंड और बादल छाए हुए हैं तो कभी दिन में तेज धूप और रात में ठंडक बनी हुई है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 14 से 17 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। हालांकि 2 मार्च को सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में बादल-बारिश की स्थिति बनने की संभावना है। फिलहाल बादल छाए हुए हैं, बारिश की संभावना है।
वर्तमान में अलग-अलग स्थानों पर तीन चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ पवनों में एक ट्रफ के रूप में, मध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर अवस्थित है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 02 मार्च से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के ऊपर मध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर लगभग 176 किमी प्रति घंटा की गति से पछुआ जेट स्ट्रीम, हवाएं बह रही हैं। इसके प्रभाव से 1 और 2 मार्च को ग्वालियर चंबल के कुछ हिस्सों में फिर बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिम दिशा से हल्की से मध्यम गति की हवाएं चल सकती हैं।
