जनसुनवाई में हड़कंप: महिला ने कलेक्टर कार्यालय की छत पर चढ़कर दी जान देने की चेतावनी

देवास। जिले की जनसुनवाई उस समय सनसनीखेज मोड़ पर पहुंच गई जब हाटपीपल्या निवासी महिला आशा भीलवाड़ा ने कलेक्टर कार्यालय की छत पर चढ़कर आत्महत्या का प्रयास किया। महिला का आरोप है कि उसके परिवार की जमीन को फर्जी तरीके से हड़प लिया गया है और प्रशासन से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद अब तक न्याय नहीं मिला।

जानकारी के अनुसार, आशा भीलवाड़ा अपने पति के साथ पिछले एक साल से कलेक्टर कार्यालय के चक्कर काट रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व अमले की मिलीभगत से उनकी जमीन को बेचा गया है, जिसमें स्थानीय पटवारी की सीधी भूमिका है। पीड़िता के अनुसार, उन्होंने पुलिस से लेकर तहसील स्तर तक कई बार शिकायतें कीं, लेकिन हर बार पुलिस और राजस्व विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे।

परेशान महिला ने कुछ समय पहले आत्मदाह की चेतावनी भी दी थी, परन्तु जब कोई समाधान नहीं निकला तो मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान वह कलेक्टर कार्यालय की छत पर चढ़ गई और आत्महत्या करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों की तत्परता से महिला को नीचे उतारा गया और उसकी जान बचाई जा सकी।

इस घटनाक्रम के बाद कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया और बयान जारी करते हुए बताया कि “मामला काफी पुराना और जटिल है। आशा भीलवाड़ा को वर्षों पूर्व एक पट्टा जारी किया गया था, लेकिन वे कभी उस जमीन पर काबिज नहीं हुए। अब उस स्थान पर शासकीय आईटीआई का निर्माण हो चुका है। जांच एसडीएम को सौंपी गई है और सुनवाई प्रक्रिया जारी है। जल्द ही उचित समाधान निकाला जाएगा।”

इस घटना ने एक बार फिर से प्रशासनिक जवाबदेही और जनसुनवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम जनता में यह चर्चा का विषय बन गया है कि यदि समय पर कार्रवाई होती, तो महिला को इतना बड़ा कदम उठाने की जरूरत ही नहीं पड़ती।

पीड़ित परिवार एक साल से कर रहा है न्याय की गुहार पुलिस-राजस्व विभाग की लापरवाही से हुआ मामला पेचीदा

आत्मदाह की चेतावनी के बाद भी नहीं हुई ठोस कार्रवाई कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश, एसडीएम कर रहे सुनवाई

Next Post

घुघरी पुलिस को बड़ी कामयाबी, 40 हजार का इनामी हत्यारा तीन साल बाद गिरफ्तार

Tue Jul 15 , 2025
घुघरी । घुघरी पुलिस ने तीन वर्षों से फरार चल रहे 40 हजार रुपये के इनामी हत्यारे को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी श्याम सिंह धुर्वे (38 वर्ष), निवासी झिगरघटा, ने वर्ष 2022 में अपनी पत्नी की हत्या कर फरार हो गया था। पुलिस उसकी लगातार तलाश […]

You May Like