
इंदौर. शहर में नशे के सौदागरों पर कार्रवाई के दौरान क्राइम ब्रांच ने एक युवक को एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा है. आरोपी सस्ते में नशा खरीदकर इसे शहर में महंगे दामों पर सप्लाई करता था, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्ती के निर्देशों के बाद क्राइम ब्रांच लगातार कार्रवाई कर रही है. टीम ने दलाल बाग मैदान के पास संदिग्ध गतिविधि में खड़े एक युवक को पकड़ा. पुलिस को देखकर घबराए युवक को रोककर पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम समीर हुसैन निवासी बड़ा गणपति बताया. जब क्राईम ब्रांच ने उसकी तलाश ली तो उसके पास से 11.90 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1.20 लाख रुपए बताई जा रही है. क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है. प्रारंभिक पूछताछ में समीर ने स्वीकार किया कि वह एमडी ड्रग्स कम कीमत पर खरीदकर नशे के आदी लोगों को अधिक दामों पर बेचता था. आरोपी फिलहाल दिहाड़ी पर ई-रिक्शा चलाने का काम करता है और उसकी पढ़ाई 10वीं तक ही हुई है. पुलिस उससे सप्लाई नेटवर्क और अन्य शामिल लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है.
