जबलपुर: तीन पत्ती चौराहे पर दिन-ब-दिन ऑटो चालकों व ई- रिक्शा चालकों की धमाचौकड़ी बढ़ती जा रही है। ऑटो चालक यहां अपने वाहन को सवारी बैठाने के लिए चौराहे के लेफ्ट टर्न के साथ-साथ नगर निगम के सामने बने रेड जोन एरिया में भी खड़े कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर तीन पत्ती चौराहे पर बने पेट्रोल पंप के आसपास भी बहुत संख्या में खड़े रहते हैं। जहां सवारी के चक्कर में वह बीच सड़कों पर भी अपने वाहन खड़े कर रहे हैं। इसके कारण यातायात तो प्रभावित होता ही है, साथ ही सिग्नल छूटने पर यहां ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन जाती है।
इन जगहों पर लगता है जमावड़ा
ऑटो चालकों द्वारा तीन पत्ती चौराहे पर पुराने बस स्टैंड की तरफ जाने वाले मार्ग में नगर निगम के किनारे मनमानी करते हुए ऑटो खड़े कर देते हैं, इसके कारण सड़क पूरी संकरी हो जाती है। वहीं दूसरी तरफ नौदरा ब्रिज जाने वाली रोड पर भी फायर ब्रिगेड ऑफिस से लेकर पेट्रोल पंप और उसके आगे बने नेहरू उद्यान पर भी सवारी बैठाने के चक्कर में ई- रिक्शा चालक अपने वाहन खड़े करते हैं, जिससे इन जगहों पर ऑटो का जमावड़ा लगा रहता है।
कार्यवाही ना होने से मची धमाचौकड़ी
यातायात पुलिस द्वारा बहुत समय से यहां पर ठोस कार्यवाही न होने के कारण यह धमाचौकड़ी मचाए हुए हैं, और अपनी मनमानी पर उतारू हो चुके हैं। उससे मुख्य चौराहे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ रही है। जल्द ही यहां पर प्रशासन द्वारा ऑटो चालकों के ऊपर ठोस कार्यवाही होनी चाहिए, जिससे चौराहे पर यातायात व्यवस्था पटरी पर लौटेगी।
