
भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को एक ऐतिहासिक पल दर्ज हुआ, जब लंबे समय से कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मांग पूरी करते हुए लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। इस बहुप्रतीक्षित पहल का उद्घाटन प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी माननीय श्री हरीश चौधरी ने किया।
यह लाइब्रेरी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश और मार्गदर्शन में स्थापित की गई है। इस अवसर पर संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले, कांग्रेस विचार विभाग के अध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने इस कदम को कांग्रेस संगठन की बौद्धिक और वैचारिक सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर बताया।
डॉ. संजय कामले ने कहा कि यह लाइब्रेरी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं की बौद्धिक क्षमताओं को निखारने में उपयोगी सिद्ध होगी। यहाँ पार्टी के इतिहास, विचारधारा, महान नेताओं की जीवनी और प्रेरणादायी साहित्य उपलब्ध रहेगा। आगे चलकर इसे और विस्तारित किया जाएगा, ताकि यह हर कार्यकर्ता के लिए ज्ञान का केंद्र बने।
उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक आंदोलन नहीं, बल्कि समानता, न्याय और भाईचारे पर आधारित विचारधारा है। यह लाइब्रेरी इन मूल्यों के अध्ययन और गहन समझ का मंच बनेगी।
विचार विभाग के अध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता ने बताया कि लाइब्रेरी का संचालन विभाग की देखरेख में होगा। यहाँ नियमित रूप से साहित्य का संकलन और नए प्रकाशनों का संग्रह किया जाएगा। यह केवल पुस्तकों का संग्रहालय नहीं, बल्कि संवाद और विचार-विमर्श का केंद्र भी बनेगी।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उत्साह व्यक्त करते हुए इसे कांग्रेस संगठन की नई दिशा और संकल्प का प्रतीक बताया। सभी ने विश्वास जताया कि यह लाइब्रेरी आने वाले समय में संगठनात्मक मजबूती और राजनीतिक दृष्टिकोण के विकास का आधार बनेगी।
