
भोपाल: प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए अब लाइब्रेरी की स्थापना होने जा रही है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार यह बहुप्रतीक्षित लाइब्रेरी शनिवार 30 अगस्त को दोपहर 3 बजे कांग्रेस कार्यालय में उद्घाटित की जाएगी।
इस लाइब्रेरी का संचालन कांग्रेस के विचार विभाग के अध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता की देखरेख में होगा। समय के साथ इसका विस्तार भी किया जाएगा। उद्घाटन अवसर पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे और उनके मार्गदर्शन में इस महत्वपूर्ण पहल को आगे बढ़ाया जाएगा।
लाइब्रेरी में कांग्रेस के इतिहास, विचारधारा, महान नेताओं की जीवनी एवं प्रेरणादायी साहित्य से जुड़ी पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। यह न केवल कार्यकर्ताओं के लिए ज्ञान का स्रोत बनेगी, बल्कि उनकी बौद्धिक क्षमता को भी बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।
इस पहल को संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले ने मूर्त रूप दिया है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समाज के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे संगठनात्मक मजबूती को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि इस ऐतिहासिक लाइब्रेरी को समृद्ध करने में सहयोग प्रदान करें।
