जबलपुर: छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर यातायात पुलिस द्वारा स्कूल बसों एवं स्कूल वैन आदि पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिसके चलते शनिवार को कई स्कूल बसों और वैन पर चेकिंग की गई। साथ ही नियमानुसार आवश्यक सामग्री नहीं मिलने पर चालानी कार्यवाही भी की गई। जानकारी के अनुसार यातायात पुलिस द्वारा लिटिल किंगडम स्कूल आधारताल, सेंट अलायसियस स्कूल, सेंट जोसफ स्कूल पेंटीनाका जबलपुर की स्कूली वाहनों की चैंकिग गई।
ऐसे वाहन जिनमें आवश्यक सामग्री तथा मोटर व्हीकल एक्ट उल्लंघन पाया गया उनके विरूद्ध कार्यवाही की गई है तथा स्कूल प्रबंधन एवं वाहन मालिकों को सुप्रीम कोर्ट द्वारा स्कूली वाहनों के संबंध में जारी गाइड लाईन से अवगत कराया गया। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के आदेशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सूर्यकांत शर्मा के निर्देशन व उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष शुक्ला, संगीता डामोर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी यातायात घमापुर, इंद्रा ठाकुर, थाना प्रभारी यातायात गढ़ा हरिकिशन आटनेरे के द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्र में की गई।
नो पार्किंग में खड़े वाहनों को उठाया
यातायात पुलिस द्वारा शहर के अंदर व्यवस्थित यातायात संचलन के लिए भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रभारी यातायात मालवीय चौक सूबेदार राहुल सिंह ठाकुर के उपस्थिति में नौदरा ब्रिज से तैयबअली चौक रसल चौक, तीन पत्ती तक आम रोड पर खड़े सभी प्रकार के वाहनों पर कार्यवाही की गई, सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों से अवगत कराया जाकर आम रोड पर वाहन खड़ा न करने की हिदायत दी गई।
