महिला की संदिग्ध मौत पर बवाल, झोलाछाप डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, हाईवे जाम

विदिशा। जिले के थाना त्यौदा क्षेत्र अंतर्गत कस्बा बागरोद में बुधवार सुबह उस समय तनावपूर्ण हालात बन गए जब 35 वर्षीय क्रांति बाई लोधी की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 146 पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से महिला की मौत हुई, लेकिन पुलिस राजनीतिक दबाव में आकर मामले में टालमटोल कर रही है।

मृतका के पति गोपाल सिंह लोधी ने आरोप लगाया कि डॉक्टर इलाज के बाद शव अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया, वहीं थाना प्रभारी ने एफआईआर दर्ज करने में लापरवाही बरती। परिजनों ने यह भी कहा कि पुलिस ने बिना सूचना दिए जल्दबाजी में पोस्टमार्टम करा दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह 8:30 से दोपहर 12:30 बजे तक हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

सूचना मिलने पर एसडीएम विजय राय और एसडीओपी मौके पर पहुंचे और परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। बाद में मृतका का दोबारा पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय में कराया गया तथा आरोपी डॉक्टर की क्लीनिक को सील कर दिया गया। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद परिजनों ने जाम हटाया और यातायात बहाल हो सका।

इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में झोलाछाप डॉक्टरों की गतिविधियों और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Next Post

जनकपुरी जुमेराती में 18 फीट ऊंची शिव परिवार स्वरूप गणेश प्रतिमा की स्थापना

Wed Aug 27 , 2025
भोपाल। श्री अष्टविनायक मित्र मंडल द्वारा जनकपुरी जुमेराती में पिछले 14 वर्षों से विभिन्न स्वरूपों में श्री गजाजना गणेश महाराज की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाती रही है। इस वर्ष समिति अपने 15वें स्थापना वर्ष पर विशेष भव्यता के साथ उत्सव मना रही है। समिति के अध्यक्ष प्रिंस जायसवाल, सौरभ […]

You May Like