
बैतूल।गणेश चतुर्थी के पहले “माटी गणेश, सिद्ध गणेश” अभियान के अंतर्गत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल बुधवार को शहर के फुटपाथ पर पहुंचकर मूर्तिकारों से मिले। उन्होंने मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमा खरीदी और स्थानीय कलाकारों का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने एक महिला मूर्तिकार से प्रतिमा की गुणवत्ता को लेकर चर्चा की और पीओपी (प्लास्टर ऑफ पेरिस) की बजाय सिर्फ मिट्टी का उपयोग करने की सलाह दी।
खण्डेलवाल ने कहा कि स्थानीय उत्पादों के उपयोग से छोटे कारीगरों को रोजगार मिलेगा और पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा। मिट्टी की मूर्तियां नदी-तालाबों को प्रदूषित नहीं करतीं। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे “माटी गणेश, सिद्ध गणेश” अभियान का समर्थन करते हुए सभी से इस पहल में भाग लेने की अपील की।
इस दौरान एक महिला मूर्तिकार ने शिकायत की कि उन्हें नेहरू पार्क के पास से हटाया जा रहा है। इस पर खण्डेलवाल ने तुरंत नगर पालिका के सीएमओ से बात कर निर्देश दिए कि मूर्तिकारों को ऐसी जगह दी जाए जहां वे हर साल बिना किसी परेशानी के दुकान लगा सकें। उन्होंने नपाध्यक्ष को भी निर्देशित किया कि फुटपाथ पर बैठे इन कलाकारों को सहयोग मिले और उन्हें कोई असुविधा न हो।
खण्डेलवाल की इस पहल से मूर्तिकारों में खुशी की लहर दौड़ गई। महिला मूर्तिकार ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का इस तरह आना और उनका हौसला बढ़ाना बहुत बड़ी बात है। यह कदम छोटे कलाकारों को समाज में पहचान देने की दिशा में सराहनीय है।
