नयी दिल्ली 26 अगस्त (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों को गणेश चतुर्थी की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण का संरक्षण करते हुए त्यौहार मनाने की अपील की है।
श्रीमती मुर्मु ने मंगलवार को यहां एक संदेश में कहा , “ गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मैं देश-विदेश में बसे प्रत्येक भारतीय को हार्दिक बधाई देती हूं। यह त्यौहार बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। भगवान श्री गणेश को ज्ञान और कल्याण के स्रोत के रूप में पूजा जाता है। नई शुरुआत करने तथा बाधाओं को दूर करने के लिए उनके आशीर्वाद हेतु हम उनकी प्रार्थना करते हैं। यह त्यौहार, हमें नए लक्ष्यों की ओर सकारात्मक भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। ”
उन्होंने कहा, “ आइए हम अपने पर्यावरण का संरक्षण करते हुए यह त्यौहार मनाएं तथा और अधिक स्वच्छ, हरित एवं समृद्ध राष्ट्र के निर्माण की दिशा में योगदान दें।”
