इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र में एबी रोड पर शुक्रवार देर रात को तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई.थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताया कि हादसा एबी रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने हुआ. मृतक की पहचान 25 वर्षीय हिमांशु पिता धर्मेंद्र यादव, निवासी सिंगापुर टाउनशिप के रूप में हुई है. हिमांशु अपने साथ काम करने वाली सहकर्मी श्रेया अवस्थी के साथ बाइक से जा रहा था.
दोनों एक ही संस्थान में कार्यरत थे और काम के सिलसिले में एबी रोड से गुजर रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक नम्बर आरजे 09 जीडी 6178 के चालक ने बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि हिमांशु उछलकर ट्रक के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं श्रेया सड़क पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवती को एंबुलेंस से निजी अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है. मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है.
