
बोड़ा/ब्यावरा. बोड़ा से रोसला करीब 7 किमी सडक़ पूरी तरह उखडक़र तालात में तब्दील हो गई है. सडक़ मार्ग की बदहाली का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 7 किमी का यह रास्ता तय करने में वाहन चालकों को एक घंटे तक का समय लग रहा है.
गौरतलब है कि रोसला से बोड़ा की दूरी 7 किमी है. करीब 4 वर्ष पूर्व यहां प्रधानमंत्री सडक़ योजना के तहत सडक़ निर्माण हुआ था. इसी मार्ग से होकर तलेन, शुजालपुर, कुरावर, बोड़ा सहित अन्य जगहों पर पहुंचा जा सकता है. परन्तु मार्ग की बदहाली के कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
विशालकाय गड्ढे पानी से भरे
वैसे तो समूचा मार्ग उखड़ गया है. विशालकाय गड्ढे होकर बारिश का पानी जमा है. सडक़ पर मिनी तालाब सा नजारा दिखाई देता है. करवा से रोसला तक सडक़ की अधिक बदहाली है. वही बोड़ा से 3 किमी दूर पर भी सडक़ बहुत दयनीय स्थिति में है.
बेरिकेट हटाए, खतरा बढ़ा
इसी मार्ग पर बोड़ा से करीब 1 किमी दूर तालाब है, वहां पर पुलिया है. इसी जगह पर तेज बारिश के चलते सडक़ पर कटाव हो गया था. जिससे वाहनों का आना-जाना भी जोखिम भरा है. क्षतिग्रस्त सडक़ के यहां सुरक्षा की दृष्टि से विगत दिवस संबंधित विभाग द्वारा बेरिकेट्स लगा दिए गये थे किंतु अब यहां से बेरिकेट्स तक हटा दिए गये. जिससे खतरा बना रहता है. रात के समय यहां से गुजरना किसी जोखिम से कम नहीं है.
