इंदौर:शनिवार सुबह फैक्ट्री पार्टनरशिप के विवाद में हुए हत्याकांड का दूसरा दिन बीत चुका है, लेकिन आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है. वारदात के बाद से फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने दस सदस्यीय विशेष टीम गठित कर दी है और उस पर इनाम घोषित करने की तैयारी चल रही है.पुलिस ने मोबाइल की कॉल डिटेल से सुराग तलाशने की कोशिश की थी, लेकिन आरोपी फोन घर पर ही छोड़ गया था. इसके चलते उसकी लोकेशन का पता नहीं लग सका.
जांच के दौरान पत्नी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन और तनाव की स्थिति में था. परिवार को भी अंदेशा नहीं था कि मामला हत्या तक पहुंच जाएगा. शनिवार को हुई इस वारदात में शुरुआती जांच से स्पष्ट हुआ है कि फैक्ट्री पार्टनरशिप और पैसों के लेन-देन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी रंजिश में उसने योजना बनाकर सुबह घर पहुंचते ही वारदात को अंजाम दिया.
उसे यह जानकारी थी कि उस समय परिवार के लोग घर पर मौजूद होंगे और पत्नी जिम जा चुकी होगी. पुलिस ने आरोपी के भाई और अन्य परिजनों से पूछताछ की है. साथ ही ससुराल पक्ष और रिश्तेदारों की जानकारी भी जुटाई जा रही है ताकि उसके ठिकाने तक पहुंचा जा सके. अधिकारियों का कहना है कि लगातार दबिश दी जा रही है और संभावना है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा.
गिरफ्तारी पर 10 हजार का इनाम
कनाड़िया थाना क्षेत्र के प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी विवेक जैन पिता महावीर प्रसाद जैन निवासी बख्तावर राम नगर की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है. आरोपी घटना के दिन से ही वह फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त जोन-02 हंसराज सिंह ने यह इनाम घोषित किया है. पुलिस ने अपील की है कि आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले को नगद पुरस्कार दिया जाएगा और सूचनाकर्ता का नाम गोपनीय रखा जाएगा.
