इंदौर: कम रुपए लगाकर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर लोगों को चूना लगाने वाले गिरोह के दो शातिर बदमाश विजय नगर पुलिस के हत्थे चढ़े हैं. आरोपी एनजीओ के नाम पर ऑफिस खोलकर लोगों से करोड़ों रुपए ऐंठने की योजना बना रहे थे. इन्होंने एक युवक से 51 लाख रुपए की ठगी की थी.23 अगस्त को इंदौर निवासी समरथ पाटीदार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसका दोस्त उसे एक रिश्तेदार से मिलवाकर बोला था कि एक एनजीओ ग्रुप में इनवेस्टमेंट करने पर दो दिन में मोटा फायदा मिलेगा.
झांसे में आकर समरथ ने पहले 1 लाख रुपए टोकन मनी के रूप में दिए और फिर शेष 50 लाख रुपए ऑरबिट मॉल स्थित एक ऑफिस में आरोपियों को सौंप दिए. तय समय पर रकम खाते में नहीं आने पर जब वह ऑफिस पहुंचा तो वहां कोई नहीं मिला. फोन करने पर आरोपी ने जल्द पैसे लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में मोबाइल बंद कर फरार हो गया. शिकायत मिलने पर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की. टीम ने दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया.
वारदात करना स्वीकारा
पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 31 वर्षीय मुरारीलाल पिता बलराम निवासी जिला बारा, राजस्थान और 39 वर्षीय सुधीर पिता भागोजी बैकर निवासी घाटकोपर, मुंबई के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
