
खरगोन। जिले में अवैध हथियार निर्माण के साथ ही खरीद फरोख्त के मामले थमते नजर नही आ रहे है। जिले में बनने वाले हथियारों की मांग प्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों में होने और लगातार खरीदी के लिए पहुंचने वाले तस्करों को यह हथियार आसानी से उपलब्ध हो रहे है, हालांकि कई मामलों में आरोपी पुलिस के हत्थे भी चढ़ रहे है। बुधवार को पुलिस ने भिंड जिले के युवक को 2 देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है।
गोगावां थाना पुलिस से मिली जानकारी अनुसार मुखबिर की सूचना पर यात्री प्रतीक्षालय के पास बारवां मिल घुघिरयाखेडी पर घेराबंदी कर दबिश दी गई। यहां संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सौरभ पिता शशिकांत शर्मा निवासी मिहोना थाना मिहोना जिला भिण्ड का होना बताया।
सौरभ के पास मिले बैग की तलाशी लेने पर उसमें 2 देशी पिस्टल मिली। सौरभ को गिरफ्तार कर आम्र्स एक्ट का प्रकरण दर्ज कर न्यायालय पेश किया जा रहा है। पुलिस रिमान्ड प्राप्त कर अवैध पिस्टल खरीदने के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
