मोदी ने फिनलैंड के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय संबंधों और यूक्रेन संघर्ष पर बात की

नयी दिल्ली 27 अगस्त (वार्ता) फ़िनलैंड के राष्ट्रपति एलेक्ज़ेंडर स्टब ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से टेलीफोन पर बात की और दोनों नेताओं ने विपक्षीय संबंधों की समीक्षा के साथ-साथ रूस यूक्रेन संघर्ष पर भी बात की।

प्रधानमंत्री ने रूस यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारत का समर्थन दोहराया।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि श्री मोदी के पास फ़िनलैंड के राष्ट्रपति एलेक्ज़ेंडर स्टब की ओर से टेलीफोन आया था। राष्ट्रपति स्टब ने यूक्रेन में संघर्ष के समाधान पर वाशिंगटन में यूरोप, अमेरिका और यूक्रेन के नेताओं के बीच हुई बैठकों पर श्री मोदी के साथ अपना आकलन साझा किया।

प्रधानमंत्री ने संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान और शांति एवं स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए भारत के निरंतर समर्थन को दोहराया।

दोनों नेताओं ने भारत-फ़िनलैंड द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति की भी समीक्षा की और क्वांटम प्रौद्योगिकी, 6जी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा और स्थिरता सहित उभरते क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

राष्ट्रपति ने पारस्परिक रूप से लाभकारी भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के शीघ्र समापन के लिए फ़िनलैंड के समर्थन को दोहराया। उन्होंने 2026 में भारत द्वारा आयोजित एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन की सफलता के लिए भी समर्थन की पुष्टि की।

श्री मोदी ने श्री स्टब को शीघ्र भारत आने का निमंत्रण दिया। दोनों नेताओं ने संपर्क में बने रहने पर सहमति व्यक्त की।

 

Next Post

भक्ति में डूबा गुजरात, “गणपति बप्पा मोरया“ की गूंज

Wed Aug 27 , 2025
अहमदाबाद, 27 अगस्त (वार्ता) गुजरात में बुधवार को “गणपति बप्पा मोरया“ और “गणपति आयो बाप्पा-गणपति आयो, रिद्धि-सिद्धि लायो बाप्पा रिद्धि-सिद्धि लायो, गजानन आयो-रिद्धि सिद्धि लायो की ध्वनि गुंजायमान रही। राज्य में आज सुबह से ही गणेश चतुर्थी का त्यौहार बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। यह भगवान गणेश का जन्मदिन […]

You May Like