
सोनकच्छ। तहसील के ग्राम धतुरिया राव के ग्रामीण आजादी के बाद से आज तक पक्की सड़क का इंतजार कर रहे हैं। बरसात के मौसम में कच्चे मार्ग पर कीचड़ और जलजमाव से चलना दूभर हो जाता है, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी होती है।
मुख्य मार्ग से ग्राम धतुरिया राव तक सड़क निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। बरसात के मौसम में कच्चा मार्ग ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन रहा है। हल्की बारिश होते ही सड़क पर कीचड़ फैल जाता है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। ऐसे में ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम के लिए आने-जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
आजादी के बाद से सड़क का इंतजार-
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सड़क की समस्या कोई नई नहीं है। आजादी के बाद से अब तक मुख्य सड़क से लेकर गांव तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है। सड़क निर्माण की मांग कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखी गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग के बावजूद उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। पक्की सड़क नहीं होने के कारण गांव के लोगों को सालभर परेशानी उठानी पड़ रही है, जबकि बरसात में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। ग्रामीणों के अनुसार दोपहिया वाहनों से आवागमन के दौरान फिसलने का खतरा भी बना रहता है। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोगों को खराब रास्ते के कारण काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति के कारण बारिश के दिनों में गांव का संपर्क भी प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीण मो. समद खान, गुड्डू खान, शांतिलाल गुर्जर, हैदर पठान ने कहा कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि गांव के विकास की बुनियादी जरूरत है। लंबे समय से सड़क नहीं बनने के कारण विशेषकर बरसात में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य सड़क से लेकर गांव तक पक्की सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग की है।
इनका कहना है-
18 फरवरी 2026 को ग्राम सड़क योजनांतर्गत सड़क स्वीकृत हो चुकी है। बारिश बाद डीपीआर बनाकर कार्य शुरू किया जाएगा।- कमलाबाई गुर्जर सरपंच, ग्राम पंचायत धतुरिया राव।
