
श्योपुर। कराहल तहसील में बारिश की वजह से शुक्रवार शाम को पानी के तेज बहाव में नाला पार करते दो दूध बेचने वाले बह गए। हादसा गोठरा और सरारी गांवों के बीच हुआ, जहां नाले पर एक पुलिया है।
जाखदा गांव से 10-15 दूधिया बाइक पर दूध लेने बरीदेह खिरकाई जा रहे थे। रास्ते में जब वे नाले के पास पहुंचे तो पानी बहुत तेज बह रहा था। लेकिन फिर भी दो युवक- मोर सिंह (32) और विपिन रावत (21) बाइक से नाले में उतर गए। इस दौरान दोनों तेज बहाव में बहने लगे।
पीछे से आ रहे अन्य लोगों ने हिम्मत दिखाकर मोर सिंह को बचा लिया, लेकिन विपिन पानी में बह गया। वह अब तक लापता है। मामले की जानकारी प्रशासन को दी गई। एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम विपिन की तलाश में जुटी हुई है। मोर सिंह को घायल हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि हर साल बरसात में इस नाले में तेज बहाव आता है। हालांकि फिर भी लोग जल्दबाजी में ऐसे खतरनाक फैसले ले लेते हैं। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि बरसाती मौसम में नाले या नदी पार करते वक्त पूरी सावधानी रखें और कोई भी खतरा न लें।
तहसीलदार रौशनी शेख, जनपद सीईओ राकेश शर्मा, थाना प्रभारी महेंद्र धाकड़ और एसडीआरएफ राहत अभियान चला रही है।
