
नये मरीजों की भर्ती पर लगी रोक
जबलपुर। सुभद्रा कुमारी चौहान बार्ड, गेट न. 4 स्थित कोठारी अस्पताल और बेदी नगर गढ़ा स्थित एप्पल हॉस्पिटल का पंजीयन निरस्त कर दिया गया है इसके साथ ही नए मरीजों की भरती पर रोक लगा दी गई है और भर्ती मरीजों का उपचार के बाद डिस्चार्ज करने के आदेश दिए गए हैं। यह आदेश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जबलपुर द्वारा की गई है।
जानकारी के मुताबिक कोठारी अस्पताल के खिलाफ शिकायतें पहुंची थी। अस्पताल प्रबंधन को “कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था लेकिन 2 माह से अधिक समय बीतने के बाद भी उक्त नोटिस का कोई संतोष जनक उत्तर प्रस्तुत करने में अस्पताल असफल रहा है।
इसके अलावा वैध फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट मापदंडों के अनुसार नहीं है। इसके अलावा अस्पताल में पहले 100 पलंग थे जिन्हें घटाकर 48 किया जा रहा है जिसके चलते कोठरी अस्पताल का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निरस्त किया गया है। इसके साथ ही आदेश जारी दिनांक से नये मरीजों को भर्ती न करते हुये, पुराने भर्ती मरीजों का समुचित उपचार उपलब्ध कराकर उन्हें डिस्चार्ज करने निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जबलपुर संजय मिश्रा ने बताया कि बताया कि कोठारी अस्पताल प्रबंधक पलंगों की संख्या घटना चाहते है इसके साथ ही फायर सेफ्टी की वैधता भी समाप्त हो रही है जिसके चलते पंजीयन तत्काल प्रभाव से निरस्त किया गया है, लाइसेंस नवीनीकरण होगा। इसी प्रकार एप्पल हॉस्पिटल का भी पंजीयन निरस्त कर दिया गया है वह अस्पताल को दूसरे भवन में शिफ्ट करना चाहते हैं जिस भवन में पहले अस्पताल चलता था उसका लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है अब नए भवन में अस्पताल संचालित होगा उसका नया लाइसेंस रिन्यू होगा।
