तमीम इकबाल ने शुभचिंतको के प्रति व्यक्त किया आभार

ढाका, 29 मार्च (वार्ता) बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल ने उन शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया है जिन्होने बीमारी के मुश्किल समय में उनकी सलामती की दुआ की।

तमीम को सोमवार को दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद एंजियोप्लास्टी के लिये उन्हेे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्होने फेसबुक पर शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया।

जनवरी 2025 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बावजूद तमीम घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखे हुए हैं। वह ढाका प्रीमियर डिवीजन क्रिकेट लीग के मैच में शिनेपुकुर क्रिकेट क्लब के खिलाफ मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब की अगुआई कर रहे थे, जब टॉस के तुरंत बाद उन्हें बेचैनी महसूस हुई। शुरुआती उपचार के लिए उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी हालत बिगड़ गई और सोमवार को उन्हें एंजियोप्लास्टी सर्जरी के लिए ले जाया गया। तमीम को घटना के चार दिन बाद शुक्रवार को छुट्टी दे दी गई और उन्होंने मुश्किल समय में उनके साथ खड़े रहने वाले सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया।

अपने फेसबुक पेज पर बांग्ला में पोस्ट किए गए संदेश में तमीम ने कहा, “ आप सभी की दुआओं की बदौलत मैं अब घर पर हूं। इन चार दिनों में मैंने अपने आस-पास के माहौल को समझा है और एक नई ज़िंदगी पाई है। इस अहसास में सिर्फ़ प्यार और कृतज्ञता है। मुझे अपने पूरे करियर में आपका प्यार मिला है। लेकिन अब मैंने इसे और भी ज़्यादा तीव्रता से महसूस किया है। मैं वाकई अभिभूत हूँ।”

उन्होंने चिकित्सा पेशेवरों, अस्पतालों, सहयोगी कर्मचारियों और उन व्यक्तियों के प्रति भी अपना हार्दिक आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उनके ठीक होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें ट्रेनर याकूब चौधरी दलिम का विशेष उल्लेख है, जिनके समय पर सीपीआर को उनके गिरने पर जीवन रक्षक माना गया।

तमीम ने कहा “ हमारे ट्रेनर याकूब चौधरी दलिम भाई को कैसे धन्यवाद दूं, मुझे वास्तव में नहीं पता है। मुझे बाद में पता चला, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने कहा कि अगर दलिम भाई ने उस समय ठीक से सीपीआर नहीं दिया होता, तो मैं बच नहीं पाता।” तमीम ने अपने पोस्ट का समापन यह कहते हुए किया, “ पूरी तरह से ठीक होने का रास्ता अभी भी लंबा है। मुझे और मेरे परिवार को अपनी प्रार्थनाओं में रखें। सभी का जीवन सुंदर और शांतिपूर्ण हो। सभी के लिए प्यार।”

बांग्लादेश के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक माने जाने वाले तमीम ने सभी प्रारूपों में 387 मैच खेले, जिसमें उन्होने 15 हजार 192 रन बनाए हैं, जिसमें 25 शतक शामिल हैं। वह तीनों प्रारूपों में बांग्लादेश के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी हैं, जो केवल मुशफिकुर रहीम से पीछे हैं।

Next Post

जोकोविच मियामी ओपन के फाइनल में, 100वें खिताब के करीब

Sat Mar 29 , 2025
फ्लोरिडा, 29 मार्च (वार्ता) नोवाक जोकोविच ने ग्रिगोर दिमित्रोव को हराकर 2016 के बाद पहली बार मियामी ओपन के फाइनल में प्रवेश कर लिया है और इसके साथ ही वह अपने 100वें एटीपी खिताब से मात्र एक कदम दूर रह गये हैं। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के पांचवें […]

You May Like