चोटिल मोहम्मद सलीम बंगलादेश के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर

नयी दिल्ली 06 अक्टूबर (वार्ता) अफगानिस्तान के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम ग्रोइन (एडक्टर) की चोट के कारण अबू धाबी में बंगलादेश के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला से बाहर हो गए हैं।

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सलीम पुनर्वास के लिए एसीबी के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में रिपोर्ट करेंगे। सलीम की जगह दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज बिलाल सामी को बंगलादेश के खिलाफ होने वाले एकदिवसीय मैचों के लिए अफगानिस्तान की टीम में शामिल किया गया है।

तेईस वर्षीय सलीम ने अब तक दो एकदिवसीय मैच खेले हैं। उन्होंने ये दोनों मैच जुलाई 2023 में बंगलादेश के खिलाफ खेले थे। उन्होंने आखिरी बार अफगानिस्तान के लिए अपना एकमात्र टेस्ट मैच फरवरी 2024 में कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ खेला था।

सामी हाल ही में अफगानिस्तान के घरेलू लिस्ट ए टूर्नामेंट, गाजी अमानुल्लाह खान क्षेत्रीय एक दिवसीय टूर्नामेंट में खेले थे, जो सितंबर में समाप्त हुआ था। वहां वह अपनी टीम स्पीन घर क्षेत्र के लिए 22.90 की औसत और 4.97 की इकॉनमी रेट से दस विकेट लेकर दूसरे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे।

अफगानिस्तान का बंगलादेश के खिलाफ पहला एकदिवसीय मैच बुधवार आठ अक्टूबर को होगा।

 

Next Post

उर्वरक विक्रेताओं को बताई ई-टोकन जनरेट करने की प्रक्रिया 

Mon Oct 6 , 2025
जबलपुर। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में जबलपुर जिले में लागू की गई उर्वरक वितरण की नई व्यवस्था ई-टोकन एवं उर्वरक वितरण प्रणाली के अंतर्गत सोमवार को पाटन के कम्प्यूटर सेंटर्स के संचालकों तथा निजी उर्वरक विक्रेताओं को ई-टोकन जनरेट करने की प्रक्रिया समझाई गई। कम्प्यूटर सेंटर्स के संचालकों को अनुविभागीय […]

You May Like