दंतेवाड़ा 12 अप्रैल (वार्ता) छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पिकअप पलटने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
बताया जा रहा है कि, पिकअप में 24 लोग सवार थे। हादसा अरनपुर थाना इलाके में हुआ है। जानकारी के मुताबिक, मासा मड़कम (12) और सोढ़ी कोयदो (20) की मौत हुई है। दोनों गोंडेरास के रहने वाले थे, जो ताड़मेटला गए थे। हादसे के बाद सीआरपीएफ 231 बटालियन के कैंप के जवानों ने घायलों की जान बचाई।
दरअसल, शनिवार दोपहर 24 लोग पिकअप वाहन से ताड़मेटला से गोंडेरास गांव लौट रहे थे। इसी बीच कोंडासांवली और कमल पोस्ट के बीच घाट में पिकअप सड़क किनारे खाई में गिर गई। हादसे की खबर मिलते ही सीआरपीएफ के जवान और अफसर मौके पर पहुंचे।
जवान ने बच्चे को सीपीआर देकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन बचा नहीं सके।
इस दौरान मासा मड़कम और सोढ़ी कोयदो की जान जा चुकी थी जबकि 12 ग्रामीण लहूलुहान थे। सभी घायलों का सीआरपीएफ के डॉक्टर्स ने मौके पर प्राथमिक इलाज किया। इसके बाद अरनपुर से एंबुलेंस बुलवाकर सभी को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मृतकों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घायलों को जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां लोग खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।
